Breaking News

छत्तीसगढ़ दूसरी बार क्वार्टर फाइनल में

Chhattisgarh in the quarter finals for the second time

रायपुर । कर्नल सी. के. नायडू ट्रॉफी 2025-26 में छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवेज अंडर-23 को 136 रन से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। यह मुकाबला 13 से 16 फरवरी 2026 तक राजकोट के रेलवेज ग्राउंड में खेला गया।

मैच के चौथे दिन छत्तीसगढ़ अंडर-23 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहली पारी में टीम ने 138.1 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 486 रन बनाए। ओपनर आयुष पांडेय ने 153 रन की बेहतरीन पारी खेली। जबकि दूसरे ओपनर शोभित शर्मा ने 169 रन बनाकर शतक जड़ा। रेलवेज की ओर से तौफीक ने 3 और अंश यादव ने 2 विकेट लिए।

रेलवेज ने जवाब में बनाए 361 रन

जवाब में रेलवेज अंडर-23 ने पहली पारी में 85.4 ओवर में 361 रन बनाए। आयुष कुमार (93 रन), अंश यादव (72 रन) और कीर्तिवर्धन (70 रन) ने अहम योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से दीपक यादव ने 4 और प्रशांत साई पैंकरा ने 3 विकेट झटके।

दूसरी पारी में लड़खड़ाई छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की दूसरी पारी 52.4 ओवर में 189 रन पर सिमट गई। आयुष पांडेय (38), मयंक वर्मा (37) और वासुदेव बरेठ (30) ने संघर्ष किया। रेलवेज के लिए विराट जायसवाल ने 4 और जानी बाशा ने 3 विकेट लिए।

315 रन के लक्ष्य में ढेर हुई रेलवेज

315 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवेज की दूसरी पारी 45.3 ओवर में 178 रन पर सिमट गई। तौफीक उद्दीन (60), अंश यादव (38) और गर्व सांगवान (29) ने कुछ देर तक मुकाबला बनाए रखा। छत्तीसगढ़ के लिए वरुण सिंह भुइये ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। दीपक यादव और वासुदेव बरेठ को 2-2 विकेट मिले।

136 रन से जीत, क्वार्टरफाइनल का टिकट

इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने मुकाबला 136 रन से अपने नाम किया और क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। यह छत्तीसगढ़ का कर्नल सी. के. नायडू ट्रॉफी में दूसरा क्वार्टरफाइनल है। यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ ने एक सीजन में 6 मैच खेले। इनमें 5 मैच जीते और सिर्फ 1 में हार का सामना करना पड़ा है।

छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम अब 21 फरवरी को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम, रायपुर में राजस्थान के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेलेगी।

Related Articles

Back to top button