रायपुर एम्स में नौकरी का झांसा देकर युवती से 6 लाख की ठगी और दुष्कर्म
A young woman was duped of Rs 6 lakh and raped on the pretext of a job at Raipur AIIMS.

रायपुर। राजधानी में एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से छह लाख रुपये ठगने और दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) ने करीब दो वर्ष पहले युवती से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत बताया और वहां के अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स में लगवा देगा।
आरोप है कि युवक ने अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए। युवती ने यह रकम कर्ज लेकर आरोपी को दी थी। विश्वास जमाने के लिए आरोपी ने युवती को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
जब युवती ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद उसने अमनाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।




