छत्तीसगढ़

श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता – लक्ष्मी राजवाड़े

Providing social security and economic empowerment to workers is the priority of the state government – ​​Laxmi Rajwade

श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का आयोजन

रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सूरजपुर जिले के तिलसिंवा स्थित ऑडिटोरियम  में श्रमिक जन संवाद एवं सम्मेलन कार्यक्रम का  आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि प्रत्येक पात्र श्रमिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सके। सम्मेलन के माध्यम से जिले के 2,539 हितग्राहियों को कुल 99 लाख 66 हजार 627 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही  महतारी जतन योजना, सियान योजना एवं नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक डेमो चेक भी वितरित किए गए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक जन संवाद केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और श्रमिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। राज्य सरकार श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों को विकास की धुरी बताते हुए मंच पर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुन्तला पोर्ते, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री भीमसेन अग्रवाल, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन, श्रम अधिकारी श्री एलेन मिंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button