छत्तीसगढ़
“संकल्प” का बजट, विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक कदम – डॉ. सलीम राज
Budget of "Sankalp", a historic step towards developed Chhattisgarh - Dr. Salim Raj

रायपुर। विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का बजट संकल्प थीम के साथ प्रस्तुत किया। इस बजट को छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने “विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप” बताते हुए स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप यह बजट राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश को नई दिशा देगा।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि रायपुर में 200 बिस्तर वाले अस्पताल, मेगा परीक्षा केंद्र, खाद लैब, दृष्टिबाधित शाला के लिए 2.5 करोड़ का प्रावधान और देवभवन स्वामी विवेकानंद निवास को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की घोषणा राजधानी को शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक दृष्टि से नई पहचान दिलाएगी। इसके साथ ही तेलीबांधा थाना का नवीनीकरण और मेकाहारा में एआई तकनीक का उपयोग प्रशासनिक और तकनीकी सुधार की दिशा में बड़ा कदम है।
युवाओं के लिए बजट में रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने हेतु मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन तथा मुख्यमंत्री एआई मिशन की घोषणा की गई है। नवा रायपुर में राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करेगा। डॉ. राज ने कहा कि यह प्रावधान युवाओं को शिक्षा, खेल और तकनीक में आगे बढ़ाने का ठोस प्रयास है।
डॉ. राज ने कहा कि महिला सशक्तिकरण पर भी बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा और 250 महतारी सदन बनाने के लिए 75 करोड़ का प्रावधान महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत 200 करोड़ का प्रावधान शहरी महिलाओं और परिवारों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने में सहायक होगा। किसानों के लिए ब्याज मुक्त कर्ज, कृषक उन्नति योजना में 10 हजार करोड़ और कृषि पंपों के लिए 5500 करोड़ का प्रावधान किया गया है। डॉ. राज ने कहा कि यह कदम किसानों की आय बढ़ाने और कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने में मदद करेगा।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि यह बजट प्रशासनिक सुधार, डिजिटल गवर्नेंस और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। राजधानी विकास योजना के तहत रायपुर को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने और ग्रामीण अधोसंरचना में “जी राम जी योजना” के तहत ग्राम पंचायतों को मजबूत करने की दिशा में भी सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। डॉ. राज ने इस बजट को राजधानी रायपुर के विकास, युवाओं के अवसर, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि और पर्यटन विस्तार का संतुलित रोडमैप बताते हुए इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक कदम कहा।




