छत्तीसगढ़

बीजापुर में दो वर्दीधारी माओवादी ढेर

Two uniformed Maoists killed in Bijapur

बीजापुर। थाना जांगला क्षेत्र अंतर्गत इंद्रावती नदी के पास हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो माओवादियों को मार गिराया है। मुठभेड़ स्थल से एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य माओवादी उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई।

मारे गए माओवादियों की पहचान की जा रही है

मुठभेड़ के बाद इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मारे गए माओवादियों की पहचान और उनके संगठनात्मक दायित्वों की पुष्टि की जा रही है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि बीजापुर जिले के सीमावर्ती और जंगल क्षेत्रों में माओवादियों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया गया है।

सुरक्षा बलों की सक्रियता के चलते माओवादी गतिविधियों पर दबाव बढ़ा है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज होने की संभावना है।
22 लाख के इनामी माओवादी कमांडर की साथियों ने की हत्या

उधर, ओडिशा के कंधमाल जिला में आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहे 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की उसके ही साथियों ने हत्या कर दी। बुधवार को दारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र के पकरी जंगल से पुलिस ने उसका सड़ा-गला शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, अन्वेष छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला का निवासी था। वह केकेबीएन (कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़) डिवीजन में डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) और लड़ाकू दस्ते का प्लाटून कमांडर था।
आत्मसमर्पण की तैयारी बनी मौत की वजह

कंधमाल के एसपी हरीश बीसी ने बताया कि अन्वेष कुछ अन्य माओवादी कैडरों के साथ ओडिशा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था। संगठन के भीतर उसके इस फैसले का विरोध हो रहा था।

सूचना के अनुसार, 29 जनवरी को ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव जंगल में दफना दिया गया। बाद में पुलिस को जानकारी मिलने पर शव को जमीन से निकाला गया।
शीर्ष नेतृत्व पर संदेह

पुलिस को आशंका है कि ओडिशा के वांटेड माओवादी कमांडर सुकरू और उसके दस्ते ने इस वारदात को अंजाम दिया। शक है कि राज्य जोनल कमेटी सदस्य (एसजेडसीएम) सुकरू ने क्षेत्रीय कमेटी मेंबर शीला और एरिया कमेटी सदस्य जगेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

Related Articles

Back to top button