छत्तीसगढ़

एयर इंडिया फ्लाइट से यात्रा के दौरान ट्रॉली बैग से कीमती नेकलेस चोरी

Precious necklace stolen from trolley bag while travelling on Air India flight

रायपुर।  हवाई यात्रा के दौरान बुक किए गए लगेज से कीमती जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। राजस्थान से दिल्ली होते हुए रायपुर लौटे एक सराफा कारोबारी के परिवार के ट्रॉली बैग से सोने का नेकलेस गायब पाया गया। मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद माना थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जोधपुर से दिल्ली और फिर रायपुर की यात्रा

जानकारी के अनुसार सराफा कारोबारी अपने परिवार के साथ राजस्थान के जोधपुर से एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से रायपुर के लिए कनेक्टिंग एयर इंडिया फ्लाइट ली। यात्रा के दौरान उनका ट्रॉली बैग विमान में बुक लगेज के रूप में भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि सूटकेस को सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट पर लगेज के रूप में जमा किया गया था। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उसे दोबारा बुक लगेज के रूप में भेजा गया।
रायपुर पहुंचकर खुला मामला

रायपुर पहुंचने के बाद जब कारोबारी परिवार ने ट्रॉली बैग का ताला खोलकर सामान की जांच की, तो उसमें रखा सोने का नेकलेस गायब मिला। कीमती जेवर नहीं मिलने पर परिवार के लोग हैरान रह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही कारोबारी ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत माना थाना में दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई है कि यात्रा के दौरान किसी ने लगेज से नेकलेस निकाल लिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए माना थाना पुलिस जांच में जुट गई है। एयरपोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संबंधित एयरलाइन से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लगेज के साथ छेड़छाड़ कहां और किस चरण में हुई।

Related Articles

Back to top button