रायपुर में LPG सिलेंडर की वेटिंग 1100 तक पहुंची
Waiting for LPG cylinder in Raipur reaches 1100

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय हालातों के प्रभाव के बीच जिले में एलपीजी सिलेंडर (Raipur LPG Crisis) को लेकर पैनिक जैसी स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों में अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण वेटिंग 950 से 1100 तक पहुंच गई है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
पैनिक बुकिंग से बढ़ा दबाव
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार बड़ी संख्या में उपभोक्ता एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं। कई ऐसे लोग भी बुकिंग करा रहे हैं, जिनके घरों में पहले से भरे सिलेंडर मौजूद हैं। इस वजह से सामान्य मांग से अधिक दबाव बना और वेटिंग तेजी से बढ़ गई। एजेंसियों का कहना है कि यह वास्तविक कमी नहीं, बल्कि पैनिक के कारण बनी स्थिति है।
होम डिलिवरी व्यवस्था प्रभावित
अचानक बढ़ी मांग का सबसे ज्यादा असर होम डिलिवरी सिस्टम पर पड़ा है। पहले जहां उपभोक्ताओं को 2-3 दिन में सिलेंडर मिल जाता था, अब 5-7 दिन या उससे ज्यादा समय लग रहा है। डिलिवरी बॉय को तय समय में सिलेंडर पहुंचाने में परेशानी हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी से संपर्क करना पड़ रहा है।
सर्वर पर बढ़ा लोड, तकनीकी दिक्कतें
लगातार बढ़ती बुकिंग के चलते गैस एजेंसियों के सर्वर पर लोड बढ़ गया है। इसके कारण तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। कई उपभोक्ताओं को एसएमएस कंफर्मेशन तक नहीं मिल पा रहा है। एजेंसियों का कहना है कि सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति में सुधार होगा।
वैकल्पिक ईंधन भी महंगा
एलपीजी की मांग बढ़ने के साथ ही वैकल्पिक ईंधन के रूप में उपयोग होने वाली लकड़ियों के दाम भी तेजी से बढ़ गए हैं। इससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
विभाग की अपील
विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैस का स्टॉक पर्याप्त है और किसी तरह की वास्तविक कमी नहीं है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
लगातार निगरानी रखी जा रही है। गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। दो से तीन दिन में सभी वेटिंग समाप्त हो जाएगी।
-भूपेंद्र मिश्रा, जिला नियंत्रक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग




