रायपुर: नवकार हॉस्पिटल में मारपीट, लात-घूंसे चले
Raipur: Fight, kicking and punching at Navkar Hospital

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित नवकार हॉस्पिटल में शुक्रवार को महिला के इलाज के दौरान उसके मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। दरअसल महिला फांसी के फंदे पर लटक गई थी, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद हो गया। मायके पक्ष ने इसे प्लानिंग के तहत हत्या की कोशिश बताया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक शिव नगर (संतोषी नगर) निवासी यास्मीन परवीन ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर सुसाइड की कोशिश की थी। परिजन गंभीर हालत में उसे नवकार हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। शुक्रवार को इलाज के दौरान जब डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि महिला के बचने की संभावना कम है, तब ससुराल पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद मारपीट में बदल गया। अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली और टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
परिवार ने कहा- यह आत्महत्या नहीं, प्लान्ड मर्डर की कोशिश
मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या का प्रयास मानने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यह घटना आत्महत्या नहीं, बल्कि प्लानिंग के तहत हत्या की कोशिश का मामला है, जिसे फांसी का रूप देकर छिपाया जा रहा है।
पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर करेंगे जांच
इस मामले में सिटी कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही टीम मौक पर पहुंची थी, दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, अगर शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।




