छत्तीसगढ़

रायपुर में सड़क हादसा: ई-रिक्शा ने महिला को कुचला

Raipur road accident: Woman crushed by e-rickshaw

रायपुर । रायपुर में तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने सड़क किनारे खड़ी महिला को कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक स्कूटी सवार युवक भी चपेट में आ गया। टक्कर के बाद आरोपी रिक्शा लेकर भाग गया। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

हादसे में महिला पूर्णिमा के सिर में 18 टांके लगे हैं। पीठ में खून के थक्के जम गए हैं। चेहरे पर भी चोटें आई हैं। मामला पुरानी बस्ती थाना इलाके में 5 अप्रैल का है जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पीड़िता पूर्णिमा के अनुसार, उसके साथ यह घटना 5 अप्रैल की शाम अश्वनी नगर स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स के सामने हुई। वो अपने घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार में आए ई-रिक्शा ने टक्कर मारकर कुचल दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने उनके सिर में 18 टांके लगाए हैं। वहीं पीठ में अंदरूनी चोट के कारण खून के थक्के जम गए हैं।

घटना के दौरान पास से गुजर रहा एक स्कूटी सवार युवक भी ई-रिक्शा की चपेट में आ गया। जिससे उसे भी चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। महिला का इलाज फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पहले महिला को टक्कर मारी, फिर स्कूटी सवार को भी टक्कर मार दी। इसके बाद वह बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिससे फरार चालक और वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। उसके खिलाफ लापरवाही और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button