छत्तीसगढ़

बस्तर के पहले आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए चयन ट्रायल 28-29 मई को

Selection trials for admission to Bastar's first residential sports academy on May 28-29

13-17 वर्ष के बालक ले सकते हैं हिस्सा, तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स की दी जाएगी ट्रेनिंग

ट्रायल में भाग लेने आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र के साथ पहुंचे खिलाड़ी

रायपुर । बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में प्रारंभ हो रहे अंचल के पहले आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 28 मई और 29 मई को चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आयोजित चयन ट्रायल में 13 वर्ष से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक हिस्सा ले सकते हैं। चयनित बच्चों को आवासीय अकादमी में तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को तराशा जाएगा। उन्हें बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक बच्चों को आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने कहा गया है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चयन ट्रायल के पहले दिन 28 मई को सवेरे सात बजे से खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल और शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया जाएगा। वहीं ट्रायल के दूसरे दिन 29 मई को खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संचालित होने वाले आवासीय अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अकादमी में खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल प्रशिक्षण एवं प्लेइंग किट, दुर्घटना बीमा तथा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ी अपने जिले के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वे सीधे ट्रायल के दिन 28 मई को सवेरे सात बजे जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर पहुंचकर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं। तीरंदाजी और एथलेटिक्स के 20-20 तथा फुटबॉल के 25 खिलाड़ियों का चयन आवासीय अकादमी में प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button