छत्तीसगढ़

पुरंदर मिश्रा से धोखाधड़ी करने वाला शातिर गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

The fraudster who cheated Purandar Mishra was arrested, the police started investigation.

रायपुर। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सहदेव को ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। खम्हारडीह थाना पुलिस की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची है।

पुलिस आज पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए थे।

दरअसल, 25 मई को विधायक पुरंदर मिश्रा के पास एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को नितिन नवीन का PA बताते हुए कहा कि उनकी गाड़ी संबलपुर के जंगल क्षेत्र में फंस गई है और डीजल खत्म हो गया है। आरोपी ने तुरंत पैसों की जरूरत बताकर मदद मांगी।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया था कि कॉल करने वाला उड़िया टोन में बात कर रहा था और पीछे बच्चों की आवाज भी सुनाई दे रही थी। इसी भरोसे में उन्होंने अपने सेवक नारायण मिश्रा को पैसे ट्रांसफर करने कहा।

आरोपी ने पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खाते में डलवाए। कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग शुरू की, जिससे शक गहरा गया। जांच करने पर मामला ठगी का निकला।

मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी इसी तरह की ठगी की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।

गौरतलब है कि हाल ही में रायपुर में BJP के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक से भी मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट की घटना हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

Related Articles

Back to top button