छत्तीसगढ़

कोरबा में ATM लूट की साजिश नाकाम

Plot to rob ATM in Korba foiled

कोरबा: शारदा विहार पेट्रोल पंप के पास स्थित इंडिकैश एटीएम में घुसे दो नकाबपोश बदमाश ने मशीन का पैनल तोड़कर कैश बाक्स तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा अलार्म बजते ही दोनों मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने बताया कि रात करीब 12 बजे दो युवक नकाब पहनकर एटीएम के अंदर दाखिल हुए। उनके हाथ में लोहे के औजार थे।

बदमाशों ने एटीएम के सामने वाला पैनल तोड़कर कैश बॉक्स तक पहुंचने का प्रयास किया। मशीन को नुकसान पहुंचाने के लिए औजार का इस्तेमाल किया था। जैसे ही कैश बाक्स से छेड़छाड़ की, एटीएम का तेज अलार्म बज उठा। अलार्म की आवाज सुनकर घबराए दोनों युवक बिना नकदी लूटे ही मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी सुबह हुई।

आसपास के दुकानदारों ने एटीएम का टूटा पैनल देखा और तुरंत एटीएम प्रबंधन व मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टूटे हुए हिस्से और बदमाशों द्वारा फेंके गए कुछ औजार जब्त कर लिए। एटीएम और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में दोनों युवक साफ नजर आ रहे हैं। मानिकपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि मुख्य मार्ग, दुकानों और पेट्रोल पंप पर लगे कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली जा रही है।

जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुड़ापार मुख्य मार्ग पर स्थित इस एटीएम के आसपास देर रात नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी कारण क्षेत्र में चोरी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में रात के समय नियमित गश्त और अतिरिक्त निगरानी कैमरे लगाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button