छत्तीसगढ़

शाला प्रवेशोत्सव में विधायक पुरंदर मिश्रा ने बच्चों का किया आत्मीय स्वागत, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम

MLA Purandar Mishra extended a warm welcome to children at the school enrollment festival and described education as the most powerful medium for nation-building.

सरस्वती शिशु मंदिर में शाला प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न, विधायक पुरंदर मिश्रा ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजातालाब स्थित इंद्रावती कॉलोनी के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में नवप्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करने के साथ-साथ राष्ट्र के भविष्य को भी सुदृढ़ बनाती है। शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन की नई शुरुआत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का पहला दिन बच्चों के मन में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार करता है।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजकर उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होता है तथा सरस्वती शिशु मंदिर जैसे शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के संस्कार भी विकसित करते हैं।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं प्रबंधन समिति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारमय शिक्षा उपलब्ध कराने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर नई शुरुआत की खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही थी। विधायक पुरंदर मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं राष्ट्र का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

 

शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी, सचिव संजय जोशी, ज्ञान चन्द चौधरी,अनूप खेलकर, किशोर महानंद,सुधीर चौबे, दिलीप धनकर, सब्बीर हुसैन, प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button