छत्तीसगढ़

रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 13 पर चालान

Bulldozer used against illegal plotting in Raipur; 13 issued challans.

रायपुर। रायपुर में अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। टीम प्रहरी अभियान के तहत टिकरापारा के पुजारी पार्क के पास मुख्य सड़क से अवैध कब्जे हटाए गए, वहीं दूसरी ओर जोन-10 ने डुंडा में करीब 5 एकड़ निजी जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरम सड़क काट दी और निर्माण की नींव तोड़ दी।

रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर टीम प्रहरी अभियान के तहत जोन-6 क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता, जोन-6 नगर निवेश विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने टिकरापारा स्थित पुजारी पार्क के पास मुख्य मार्ग से करीब 6 ठेलों को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।

इस कार्रवाई के दौरान सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले 13 दुकानदारों पर कुल 12 हजार रुपए का ई-चालान भी किया गया। साथ ही सभी दुकानदारों को दोबारा सड़क पर सामान रखने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव, उप अभियंता सागर ठाकुर सहित नगर निगम और यातायात पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।

डुंडा में 5 एकड़ में हो रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई

इधर, नगर निगम के जोन-10 ने बाबू जगजीवन राम वार्ड-53 के डुंडा स्थित ममता विहार के पास करीब 5 एकड़ निजी जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की।

नगर निगम की टीम ने मौके पर जेसीबी से बनाई गई अवैध मुरम सड़क काट दी, प्लाटिंग स्थल तक जाने का रास्ता बंद कर दिया और निर्माण के लिए डाली गई नींव भी तोड़ दी, ताकि अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-10 कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा, कार्य सहायक जितेंद्र कौशिक सहित नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही।

भूमि स्वामी की जानकारी मांगी, होगी एफआईआर

नगर निगम ने बताया कि, अवैध प्लाटिंग करने वालों की पहचान के लिए रायपुर तहसीलदार को पत्र भेजकर संबंधित भूमि के वास्तविक मालिक की जानकारी मांगी गई है। तहसील कार्यालय से जानकारी मिलने के बाद संबंधित प्लाटिंगकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

अभियान रहेगा जारी

नगर निगम का कहना है कि शहर में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जनशिकायतों के आधार पर भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button