छत्तीसगढ़

बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिली नई गति- वन मंत्री केदार कश्यप

Development works in remote areas of Bastar gain new momentum – Forest Minister Kedar Kashyap

वन मंत्री ने ग्राम चेमा में 54 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

सड़क और पुलिया निर्माण से बेहतर होगी ग्रामीणों की आवाजाही, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम चेमा में लगभग 54 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

गांवों तक बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचे

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि माओवाद के प्रभाव होने के बाद बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचें, ताकि ग्रामीणों का जीवन आसान बने और उन्हें विकास का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी उद्देश्य से महिलाओं और किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

54 लाख रुपये की लागत से छह विकास कार्यों का भूमिपूजन 

कार्यक्रम के दौरान श्री कश्यप ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में कार्य कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आय बढ़ा सकती हैं। इस अवसर पर लगभग 54 लाख रुपये की लागत से छह विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण तथा सीसी सड़क निर्माण शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से गांवों में वर्षभर सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा और ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद सदस्य श्रीमती रमशीला कोर्राम, सरपंच श्री खेम सोरी, श्रीमती सतबती कश्यप, श्री सनत शोरी, श्री बिशनाथ कोर्राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button