शेयर प्रमाण पत्र ने बदली किसान रामरतन जायसवाल की पहचान
Share certificate transformed the identity of farmer Ramratan Jaiswal.

भोरमदेव शक्कर कारखाना के अंशधारी सदस्य बनने पर बोले-अब यह कारखाना सचमुच हमारा अपना है
रायपुर । वर्षों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना में गन्ना बेचने वाले ग्राम सूरजपुरा के किसान श्री रामरतन जायसवाल का अंशधारी सदस्य बनने का सपना आखिरकार साकार हो गया। शेयर प्रमाण पत्र मिलने के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें ऐसा लगता है जैसे यह कारखाना वास्तव में उनका अपना कारखाना है। उनका कहना है कि अंशधारी सदस्य बनने से उन्हें सम्मान के साथ-साथ कारखाना से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
श्री रामरतन जायसवाल पिछले कई वर्षों से गन्ने की खेती कर रहे हैं और अपनी उपज कबीरधाम जिले के भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना राम्हेपुर में विक्रय करते रहे हैं। वे लंबे समय से कारखाना के अंशधारी सदस्य बनने की इच्छा रखते थे। जब सरकार की पहल पर गैर-अंशधारी किसानों को भी शेयर प्रमाण पत्र देकर सदस्य बनाया गया, तब उनकी वर्षों पुरानी यह इच्छा पूरी हो गई। वे बताते हैं कि शेयर प्रमाण पत्र मिलने के बाद मुझे ऐसा लग रहा है कि अब यह कारखाना सचमुच हमारा अपना कारखाना है। अब हम केवल गन्ना बेचने वाले किसान नहीं, बल्कि कारखाना के अंशधारी सदस्य भी हैं। इससे कारखाना के विकास में हमारी भागीदारी और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं।
श्री जायसवाल ने बताया कि अंशधारी सदस्य बनने से अब उन्हें कारखाना की ओर से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही, उन्हें रियायती दर पर शक्कर भी उपलब्ध होगी, जिससे परिवार को सीधा लाभ मिलेगा। उनका मानना है कि यह निर्णय हजारों गन्ना उत्पादक किसानों के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित किसानों की मांग पूरी होने से उनमें नया उत्साह आया है। अब किसान अधिक गन्ना उत्पादन कर कारखाना को मजबूत बनाने के लिए और अधिक प्रेरित होंगे।




