छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान को मिल रहा जन-जन का साथ

Under the leadership of Chief Minister Vishnu Deo Sai, the ‘Ek Ped Maa Ke Naam 3.0’ campaign is garnering widespread public support.

प्रदेशभर में हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिल रही नई गति, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में वृहद वृक्षारोपण एवं एटीएम ट्री वाहन का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’’ अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में वन महोत्सव के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवागांव (पेण्ड्रा) में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से एटीएम ट्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। जनपद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने कहा कि ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी संदेश देता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने बादाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने आंवला, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आम तथा वनमण्डलाधिकारी श्रीमती ग्रीष्मी चांद ने कदम का पौधा रोपित किया। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा उपेंद्र बहादुर, पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, सरपंच श्री नरेश पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित कर रही है। ‘‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’’ अभियान इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है, जो हरित, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Back to top button