छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री जनमन आवास से बदली फूलेश की जिंदगी, पहाड़ी कोरवा परिवार को मिला पक्का आशियाना

Pradhan Mantri Janman housing transforms Phulesh's life; Pahadi Korwa family gets a permanent home.

कच्चे मकान की परेशानी से मिली मुक्ति, अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत

दो लाख रुपये की स्वीकृति से पूरा हुआ पक्का मकान, परिवार के चेहरे पर लौटी खुशियां

रायपुर । सेवा संकल्प और सुशासन के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार बन रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत आमादरहा, जनपद पंचायत अम्बिकापुर की पहाड़ी कोरवा जनजाति की हितग्राही श्रीमती फूलेश पति श्री बाबूलाल के परिवार को भी इस योजना से पक्का आशियाना मिला है। कभी कच्चे मकान में बारिश के दौरान पानी टपकने की चिंता से जूझने वाला परिवार अब अपने सुरक्षित और पक्के घर में सुकून के साथ जीवन बिता रहा है।

दो लाख रुपये की सहायता से पूरा हुआ पक्का घर

वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत फूलेश के आवास के लिए दो लाख रुपये की स्वीकृति मिली। समय पर प्राप्त किस्तों और जनपद पंचायत से मिले तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा किया। आज फूलेश अपने पति के साथ अपने नए घर में खुशहाल जीवन की शुरुआत कर रही हैं। घर की दीवार पर अंकित प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लोगो उनके परिवार के जीवन में आए बदलाव की पहचान बन गया है।

बारिश में टपकती छत से पक्के आशियाने तक का सफर

फूलेश का परिवार लंबे समय तक मिट्टी की दीवारों और कमजोर छत वाले कच्चे मकान में रहा। बारिश के दिनों में घर में पानी टपकने से परिवार को काफी परेशानी होती थी। सुरक्षित और पक्का घर उनके लिए एक सपना था। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से यह सपना पूरा हुआ और परिवार को न केवल पक्का मकान मिला, बल्कि सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का भरोसा भी मिला।

फूलेश ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “पहले हम कच्चे घर में बहुत तकलीफ में रहते थे। बारिश के दिनों में घर में पानी टपकता था। सरकार ने हमें पक्का मकान दिया है। अब हमारे बच्चे भी घर में सुरक्षित रहते हैं। प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद।”

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को आवास जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। फूलेश का पक्का घर इस बात का उदाहरण है कि शासन की योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो योजनाएं केवल मकान नहीं बनातीं, बल्कि परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी पैदा करती हैं।

Related Articles

Back to top button