छत्तीसगढ़

परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गूंजा सुपोषण और स्वच्छता का संदेश

Message of good nutrition and hygiene resonates at the 'Angan Milan Seva' program in Parasgarhi.

न्योता भोज, अन्नदान महादान और सुपोषण गतिविधियों के साथ माताओं एवं बच्चों को किया गया लाभान्वित

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 6 अक्टूबर को सेक्टर मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण के ग्राम पंचायत परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच बुद्धू सिंह की उपस्थिति में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनभागीदारी के माध्यम से माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान 30 बच्चों को न्योता भोज कराया गया। इसी क्रम में “अन्न दान महादान” पहल के अंतर्गत 50 गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पौष्टिक भोजन कराया गया। माताओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 सुपोषण टोकरी का वितरण किया गया। साथ ही सुपोषण थाली का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार में शामिल किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई।

हितग्राहियों से संवाद और सम्मान
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री मातृत्व योजना के हितग्राहियों से संवाद किया गया। हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया तथा पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
आंगन मिलन कार्यक्रम में व्यंजन प्रतियोगिता के साथ एक मिनट प्रतियोगिता एवं कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के साथ सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया।

सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता के लिए कार्य कर रहीं मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपने घर, आंगन एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button