सेवा की कहानी : पीएम-किसान सम्मान निधि से देवरूप सिंह को मिला खेती का सहारा
A Story of Support: PM-Kisan Samman Nidhi Provides a Lifeline for Farming to Devarup Singh

किस्त की राशि से कृषि और घरेलू जरूरतों के छोटे खर्च पूरे करने में मिल रही मदद
रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को मिल रहे संबल और उनके जीवन में आए बदलावों की कहानियां सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता खेती-किसानी से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में मददगार बन रही है। सूरजपुर जिले की ग्राम पंचायत पर्री के किसान श्री देवरूप सिंह के लिए भी यह योजना राहत का माध्यम बनी है।
श्री सिंह बताते हैं कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण खेती के जरूरी काम और परिवार की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी करना कई बार कठिन हो जाता था। जरूरत पड़ने पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। अब योजना के तहत मिलने वाली 2 हजार रुपये की किस्त से उन्हें खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों के कुछ खर्च पूरे करने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि यह सहायता राशि सीमित आय वाले किसान परिवारों के लिए उपयोगी है। योजना का लाभ मिलने पर श्री देवरूप सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, समय पर मिलने वाली सहायता से खेती के छोटे खर्चों की चिंता कम हुई है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में दी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।




