छत्तीसगढ़

गणतंत्र दिवस पर बहादुरी का सम्मान: आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया प्रशस्ति पत्र

Bravery Award on Republic Day: Chief Minister Vishnudev Sai presented commendation certificates to constables Ashish Rathore and Birendra Rajput.

बिलासपुर – गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ बेखौफ कार्रवाई करने वाले जिला पुलिस बल के जांबाज़ आरक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बिलासपुर जिला पुलिस बल के आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा की सराहना की।
आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत ने आवास योजना के नाम पर आम नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ितों को न्याय मिला, बल्कि समाज में फैले ऐसे ठगों पर भी सख्त संदेश गया।
इसके साथ ही दोनों आरक्षकों ने रात्रि गश्त के दौरान चोरी कर लौट रहे एक शातिर चोर को साहसपूर्वक दौड़ाकर पकड़ा। तलाशी के दौरान चोर के कब्जे से सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगद रकम बरामद की गई, जिससे एक बड़ी चोरी का खुलासा हुआ।
इतना ही नहीं, क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई और चाकूबाजी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों को समय रहते पकड़ने में भी दोनों आरक्षकों की अहम भूमिका रही। उनकी तत्परता और सतर्कता से कई गंभीर अपराधों को समय रहते रोका जा सका।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ऐसे कर्मठ और साहसी पुलिसकर्मी प्रदेश की कानून व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने दोनों आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों को अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
गणतंत्र दिवस समारोह में मिला यह सम्मान न सिर्फ आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत के लिए गर्व का क्षण रहा, बल्कि पूरे बिलासपुर जिला पुलिस बल का मनोबल भी इससे और अधिक मजबूत हुआ।

Related Articles

Back to top button