मध्यप्रदेश

पूर्व सीएम उमा भारती के स्वजनों को बम से उड़ाने की धमकी

Former CM Uma Bharti's family threatened with bomb blasts

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले में उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनाक्रम 22 फरवरी की रात का है।

उमिता लोधी के मुताबिक उन्होंने 21 फरवरी को इंटरनेट मीडिया (फेसबुक) पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट पर 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नामक आइडी से एक विवादित कमेंट आया। इसमें उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई थी।

सतर्कता दिखाते हुए उमिता लोधी ने तुरंत कमेंट का स्क्रीनशॉट ले लिया। इस धमकी के महज आधे घंटे बाद रात करीब 11 बजे दो अज्ञात नकाबपोश युवक उनके देहात थाना स्थित बंगले पर पहुंच गए।

उमिता लोधी ने बताया कि जब उन्होंने छज्जे से नीचे देखा, तो युवकों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दोहराई। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 296 (बी), 351(3), और 3(5) के तहत एफआइआर दर्ज की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंगले और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साइबर सेल की टीम उस इंटरनेट मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है, जिससे धमकी दी गई थी।

पूर्व सीएम के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पूरी ताकत लगा रही है। पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button