पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जिले के 2548 हितग्राहियों को मिल रहा आर्थिक लाभ
2548 beneficiaries of the district are getting financial benefits from PM Surya Ghar Free Electricity Scheme.

सोलर रूफटॉप से घर-घर में ऊर्जा आत्मनिर्भरता, हितग्राहियों ने जताया आभार
योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही अक्षय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है। महासमुंद जिले में इस योजना के प्रत्येक नागरिकों में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें। उनका कहना है कि आज हम केवल बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक और पर्यावरण रक्षक भी बन सकते हैं।
मकान के साथ मन भी रहता है ऊर्जित
इमली भाठा निवासी श्रीमती ऊषा साहू ने बताया कि पीएम मुफ्त सूर्य घर योजना से उन्हें नियमित और सस्ती ऊर्जा मिल रही है। इससे बिजली बिल में काफी कमी आई है और परिवार की आर्थिक बचत भी बढ़ी है।
इसी तरह महासमुंद निवासी यामिनी यदु ने बताया कि इस योजना के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने में शासन से सब्सिडी मिली, जिससे खर्च कम हुआ। अब घर में दिनभर बिजली उपलब्ध रहती है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देने से भी लाभ मिल रहा है। उनका कहना है कि इससे मकान के साथ मन भी ऊर्जित रहता है।
बिजली बिल लगभग शून्य, कटौती की समस्या भी खत्म
कुम्हार पारा महासमुंद निवासी श्री गेंद लाल साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उनके घर की छत पर सोलर पैनल लगने से अब बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब सौर ऊर्जा से घर की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं।
वहीं वर्धमान नगर महासमुंद निवासी श्री घनश्याम ध्रुव ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद बिजली कटौती की समस्या भी समाप्त हो गई है। अब घर में पंखा, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आसानी से चल पाते हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है और इससे बिजली की बचत के साथ घर का मासिक खर्च भी कम हुआ है।




