छत्तीसगढ़

बलरामपुर में मिली अफीम की खेती, 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Opium cultivation found in Balrampur, 5 accused arrested

अंबिकापुर। दुर्ग के समोदा के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया है। त्रिपुरी के छुईडांड़ क्षेत्र में रूपदेव और कोसिल नामक ग्रामीणों की लगभग तीन एकड़ भूमि पर अफीम की खेती की गई थी। झारखंड के रहने वाले एक व्यक्ति ने फूलों की खेती के नाम पर यह भूमि किराए पर लेकर अफीम की खेती की।

जशपुर के आस्ता थाना क्षेत्र के ईरई निवासी जिरमल राम ने अफीम की खेती करने वालों और भू स्वामियों के बीच मध्यस्थता की थी। अफीम की फसल में फल लग चुके थे और चीरा लगाकर अफीम बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी थी। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अफीम की फसल को जब्त कर लिया।

पुलिस ने स्थानीय मजदूरों के साथ-साथ दोनों भू स्वामियों को भी हिरासत में लिया। अफीम की फसल वाले खेत के बगल के भू स्वामी जिलेश्वर को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। पुलिस ने लगभग चार से पांच बोरा डोडा भी जब्त किया है। अब जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। बलरामपुर कलेक्टर राजेद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर भी मौके पर पहुंचे।

भिलाई : समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती के मामले में गिरफ्तार भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सहित तीन आरोपितों की पुलिस रिमांड न्यायालय ने दो दिन के लिए और बढ़ा दी है। मंगलवार शाम आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां पुलिस ने आगे पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड मांगी थी।

Related Articles

Back to top button