छत्तीसगढ़

20 मार्च तक प्रदेश का तापमान 40 पार होने के आसार

The temperature in the state is expected to cross 40 degrees by March 20.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के दूसरे सप्ताह से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।

मंगलवार को दुर्ग और राजनांदगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 4.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा तो 20 मार्च तक कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब 3.1 डिग्री अधिक है। दिनभर तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को गर्मी का ज्यादा सामना करना पड़ा। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 49 प्रतिशत थी, जो शाम तक घटकर 29 प्रतिशत रह गई। पूरे दिन आसमान साफ रहा और बादल नहीं छाए।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जगदलपुर में 35.9 डिग्री और पेण्ड्रारोड में 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही ओडिशा से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका भी फैली हुई है। हालांकि इन प्रणालियों के बावजूद प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे और बढ़ेगा। खासकर 20 मार्च के बाद प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button