छत्तीसगढ़

बच्चों की मामूली कहासुनी से भड़का विवाद, इलाके में तनाव

A minor altercation between children sparked a dispute, creating tension in the area.

भिलाई। भिलाई में सोमवार देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के टकराव में बदल गई और कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में कुछ लोगों को चोट भी आई है।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्र में अभी भी तनाव का महौल बना हुआ है। मामले में पुलिस ने भिलाई निगम के दो पार्षद सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

घटना छावनी थाना क्षेत्र के केम्प-2 स्थित सोनकर मोहल्ले में हुई। सोमवार रात बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के बड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों ओर से पत्थर फेंके जाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया गया।

मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा सहित कई थाना के प्रभारी भी मौजूद रहे। इस बीच कुछ हिंदूवादी संगठन के लोगों ने छावनी थाने का घेराव कर दिया। हालांकि पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें शांत कराया।

पत्थरबाजी और मारपीट के मामले में फिलहाल छावनी पुलिस ने भिलाई निगम के एमआइसी सदस्य मन्नान, इंजीनियर सलमान, सकील,मोबिन,जोहेल व टीपू सहित अन्य लोगों के खिलाफ धारा 191,(1)(3)109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

वहीं दूसरे पक्ष की रिपोर्ट पर भी अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार सुबह क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया वर्तमान मे स्थिति नियंत्रण में होना बताया जा रहा है।

इस मामले में लव अफेयर का एंगल भी सामने आया है। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ दिन पहले मोहल्ले का युवक एक युवती को लेकर भाग गया था। बाद में दोनों को वापस बुलाया गया और युवती को उसके घर भेज दिया गया। जबकि युवक को जेल भेजा गया। इसी रंजिश को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पहले बच्चों के बीच विवाद हुआ था जिसमें दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। मामले में जांच कर अपराध दर्ज किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button