हर घर नल से बदली ग्रामीणों की जिंदगी, महिलाओं को मिली बड़ी राहत
Tap water in every house changed the lives of villagers, women got great relief

रायपुर । जल जीवन मिशन के तहत राज्य में “हर घर नल से जल” योजना का प्रभाव अब व्यापक रूप से दिखाई देने लगा है। इस पहल ने न केवल पेयजल की समस्या का समाधान किया है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर को भी बेहतर बनाया है। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़ौली इसका एक उदाहरण है, जहां अब प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है।
पहले गांव के लोगों, विशेषकर महिलाओं को दूर-दराज के स्रोतों जैसे कुएं और हैंडपंप से पानी लाना पड़ता था। इसमें समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे, साथ ही दूषित पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बना रहता था। अब घर-घर नल कनेक्शन मिलने से इन समस्याओं का समाधान हो गया है।
ग्राम पंचायत पड़ौली की निवासी श्रीमती देवराजो यादव बताती हैं कि पहले उनके दिन का बड़ा हिस्सा पानी लाने में ही बीत जाता था। “हर घर नल से जल” योजना लागू होने के बाद अब उनके घर में ही स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध है, जिससे दैनिक जीवन काफी आसान हो गया है। अब वे अपने परिवार, बच्चों की पढ़ाई, खेती और आजीविका से जुड़े अन्य कार्यों के लिए अधिक समय दे पा रही हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि परिवार के स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है।
देवराजो यादव सहित ग्रामवासियों ने इस सकारात्मक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। राज्य में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, जिससे लोगों के जीवन में व्यापक और स्थायी बदलाव आ रहा है।




