सुशासन तिहार 2026 : 06 मई को फरसाकानी में लगेगा शिविर, 17 गांवों के ग्रामीण होंगे शामिल
Good Governance Festival 2026: Camp to be held in Farsakani on May 6, villagers from 17 villages to participate

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन की पहल
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में “सुशासन तिहार 2026” के तहत व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के 31 जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं 5 नगरीय निकायों सहित कुल 36 क्लस्टरों में यह अभियान संचालित हो रहा है।
इसी क्रम में 06 मई 2026 को कुनकुरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत फरसाकानी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में फरसाकानी सहित बंदरचुआं, ढोढीबहार, डोडापानी, लोढाअम्बा, बरांगजोर, ठेठेटांगर, खारीझरिया, कुंजारा, रेमते, गड़ाकटा, हर्राडांड, बासनताला, भेलवांटोली, चटकपुर, जोरातराई और रेंगारघाट सहित कुल 17 गांवों के ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आमजन को समयबद्ध समाधान मिल सके। यह पहल प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का माध्यम बन रही है।
कलेक्टर ने शिविर के सफल आयोजन हेतु नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जा सके।




