छत्तीसगढ़

एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश हेतु ऑनलाईन प्रशिक्षण का आयोजन

Online training organized for admission in Eklavya schools

प्रशिक्षण में 26 जिलों में संचालित सभी 75 एकलव्य विद्यालयों के प्राचार्य, प्रवेश प्रभारी शिक्षक, जिला कार्यालयों में पदस्थ प्रभारी लिपिक शामिल

रायपुर । आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा के निर्देशानुसार एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश से संबंधित  ऑनलाइन काउंसिलिंग हेतु प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।  आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाईन काउंसिलिंग प्रक्रिया के संबंध में गुरूवार, 07 मई को आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर के सभाकक्ष में प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में सभी 26 जिलों में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्य प्रवेश प्रभारी शिक्षक एवं जिला कार्यालयों में पदस्थ प्रभारी लिपिकों को ऑनलाईन काउंसलिंग प्रक्रिया से संबन्धित विभिन्न चरणों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उददेश्य से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। इनका संचालन भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय, राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली, प्रवर्तित योजना अंतर्गत छ.ग. शासन, आदिम जाति विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 10 कन्या, 06 बालक तथा 59 संयुक्त, इस प्रकार 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं जिनमें कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु राज्य स्तरीय चयन परीक्षा का आयोजन 01 मार्च 2026 को किया गया, जिसमें कुल 38969 विद्यार्थी शामिल हुए। चयन परीक्षा का परिणाम दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जारी गया। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश हेतु ऑनलाईन काउंसलिंग की प्रक्रिया के सबंध में जानकारी देने हेतु इस प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्य, प्रवेश प्रभारी शिक्षक, जिला कार्यालयों में पदस्थ प्रभारी लिपिक शामिल हुए जबकि जिलों के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास वीडियो काफेसिंग के माध्यम से जुड़े। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाईन काउंसलिंग हेतु विभागीय पोर्टल में विद्यालयों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही का डेमो भी प्रदर्शित किया गया। प्रशिक्षण में अपर संचालक श्री जितेंद्र गुप्ता उपायुक्त श्री के. विश्वनाथ रेड्डी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button