अनुदान पर ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और रोटावेटर जैसे कृषि यंत्रों के लिए आवेदन 15 मई से
Applications for agricultural equipment like tractor, harvester and rotavator on subsidy from May 15

’चेम्प्स पोर्टल के माध्यम से किसान कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण’
रायपुर । अनुदान पर कृषि यंत्रों एवं सिंचाई पंपों (जैसे- डीजल/विद्युत पंप, ड्रिप सिस्टम) के लिए किसान चेम्प्स (CHAMPS) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र और भूमि दस्तावेज़ (खसरा/बी-1) आवश्यक हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चेम्प्स (CHAMPS) प्रणाली के अंतर्गत कृषि यंत्रों और सिंचाई उपकरणों पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत किसानों को ड्रिप-स्प्रिंकलर, शक्ति चलित कृषि यंत्र और सिंचाई पंप रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन की तिथियां निम्नानुसार निर्धारित की गई हैं- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) के अंतर्गत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर हेतु के लिए 7 मई 2026 से आवेदन स्वीकार किए जा रहे है। इसी प्रकार शाकम्भरी योजना के अंतर्गत सिंचाई पंपों हेतु 11 मई 2026, कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन के तहत ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर एवं अन्य शक्ति चलित कृषि यंत्रों के लिए 15 मई 2026 से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इच्छुक कृषक निर्धारित तिथियों पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे के बीच अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए किसानों को (CHAMPS) की आधिकारिक वेबसाइट http://champs.cgstate.gov.in/ का उपयोग करना होगा।




