अमित शाह के बस्तर दौरे से सियासी हलचल तेज
Amit Shah's Bastar visit intensifies political activity

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि गृहमंत्री बताएं कि “बस्तर 2.0” का ब्लूप्रिंट क्या है।
दीपक बैज के इस सवाल पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने पलटवार किया। दीपक बैज का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करते हुए कांग्रेस पर बस्तर और जवानों की शहादत को लेकर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया।
दीपक बैज को बस्तर के ब्लूप्रिंट की चिंता हो रही
पंकज झा ने लिखा कि, आज दीपक बैज को बस्तर के ब्लूप्रिंट की चिंता हो रही है, लेकिन टेकलगुड़ा हमले के समय उनकी प्राथमिकता कुछ और थी। उस नक्सली हमले में 22 जवान शहीद हुए थे और 30 से ज्यादा घायल हुए थे। उस समय दीपक बैज बस्तर से सांसद थे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ असम में चुनाव प्रचार में व्यस्त थे।
पंकज झा ने आरोप लगाया कि हमले के कई घंटे बाद दीपक बैज ने मुख्यमंत्री के साथ रेस्तरां में डिनर करते हुए फेसबुक पोस्ट शेयर किया था। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह असम से अपना कार्यक्रम रद्द कर छत्तीसगढ़ पहुंचे थे।
“हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे”
पंकज झा ने कहा कि अमित शाह ने छत्तीसगढ़ आकर हाई लेवल बैठक की थी और घायल जवानों से मिलकर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया था। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी कांग्रेस और दीपक बैज को बस्तर की चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिसने बस्तर को नक्सल मुक्त बनाया है, वही उसे संवारेगा भी। हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे।




