जगदलपुर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी
The Central Regional Council meeting will be held for the first time in Jagdalpur.

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 19 मई 2026 का दिन बस्तर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है। जगदलपुर में पहली बार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री साय के अनुसार यह बैठक अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा और विकास के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों का स्वागत
बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे मोहन यादव और पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने दोनों नेताओं के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में पहली बार इतनी उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और विश्वास की बात है।
बदलते बस्तर की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कभी नक्सली हिंसा की चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि देश के वरिष्ठ नेतृत्व और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी बस्तर के बदलते स्वरूप और बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक अंतरराज्यीय समन्वय को नई मजबूती देगी और विकसित, सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।
सुरक्षा और विकास पर रहेगा फोकस
जानकारी के अनुसार बैठक में राज्यों के बीच समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, विकास कार्यों और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर भी बैठक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




