बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर संजू सैमसन, फैंस को बड़ी पारी का इंतजार
Sanju Samson on the verge of breaking a major record, fans await a big innings

नई दिल्ली । चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला बेहद खास होने वाला है। एक तरफ टीम के लिए यह मैच करो या मरो की स्थिति वाला है, तो दूसरी ओर संजू अपने आईपीएल करियर के एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
दूसरी बार रिकॉर्ड के करीब
संजू सैमसन को इस सीजन में 500 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 23 रन की जरूरत है। अगर वह यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं, तो यह उनके आईपीएल करियर में दूसरी बार होगा जब उन्होंने एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए होंगे।
इस बार शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। 13 मुकाबलों में संजू अब तक 477 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 47 का और स्ट्राइक रेट 166 का रहा है। उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक भी लगाया है। टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने वाले संजू ने अपनी शानदार फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रखा है और इस सीजन सीएसके के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।
इससे पहले संजू ने आईपीएल 2024 में 531 रन बनाए थे। उस सीजन उन्होंने पांच अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। अब वह एक बार फिर 500 रन के आंकड़े को छूने से कुछ कदम दूर हैं।
राजस्थान से चेन्नई सफर
संजू सैमसन का आईपीएल सफर राजस्थान रॉयल्स के साथ 2013 में शुरू हुआ था। बाद में वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा भी रहे। आईपीएल 2026 से पहले हुए बड़े ट्रेड में वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े। इस ट्रेड में रवींद्र जडेजा और सैम करन जैसे खिलाड़ी शामिल थे।
जहां एक तरफ संजू व्यक्तिगत उपलब्धि के करीब हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी सीएसके को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखना होगी। टीम की स्थिति फिलहाल बेहद मुश्किल है।
इन टीमों ने पक्की की जगह
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अब तक आरसीबी, पंजाब और हैदराबाद अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। चौथे स्थान के लिए पांच टीमों के बीच कड़ी टक्कर जारी है। चेन्नई सुपर किंग्स 13 मैचों में 12 अंकों और -0.016 नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। ऐसे में गुजरात के खिलाफ जीत टीम के लिए बेहद जरूरी मानी जा रही है।




