रायपुर का नया ट्रैफिक कॉरिडोर बना कचना ओवरब्रिज, ऊपर से दिखी भव्य तस्वीर
Kachana Overbridge becomes Raipur's new traffic corridor, grand view from above

रायपुर। 8 साल के इंतजार के बाद कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खुल गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार रात इसका उद्घाटन किया, जिसके बाद लोग ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने लगे।
ओवरब्रिज का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है। रात के वक्त ऊंचाई से ली गई तस्वीरों में गाड़ियों की आवाजाही और ब्रिज की लाइटें चमचमाती नजर आईं।
ब्रिज खुलने से लोगों में खुशी है। उनका कहना है कि हर 15 मिनट में रेलवे फाटक बंद होने से यहां जाम लग जाता था। इससे बच्चों को स्कूल छोड़ने में देरी होती थी और लोग समय पर ऑफिस भी नहीं पहुंच पाते थे। अब ओवरब्रिज शुरू होने से बड़ी राहत मिली है।
अब तक यहां रेलवे फाटक बंद होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद शहर के 3 लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिली है।
उद्घाटन के बाद आम लोगों के लिए ओवरब्रिज खोल दिया गया, जिसके बाद वाहनों का आनाजाना शुरू हो गया है। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की गई, हालांकि तय समय शाम 6 बजे की जगह उद्घाटन रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ।
रेलवे के मुताबिक खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर पिछले कुछ वर्षों में ट्रेनों की संख्या काफी बढ़ गई है। इस रूट से 24 घंटे में करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं।
इसी वजह से औसतन हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता था। अब ओवरब्रिज शुरू होने के बाद लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश में रेलवे फाटक खुलने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कचना रेलवे ओवरब्रिज 48.78 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। यह 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा टू-लेन ओवरब्रिज है। ओवरब्रिज खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के आगे से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जुड़ चुका है।
इसके अलावा 22.78 करोड़ रुपए की लागत से शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना सड़क चौड़ीकरण का काम भी किया गया है।




