महिला की शिकायत पर सख्त हुए राजस्व मंत्री, रायपुर तहसील अफसरों को लगाई फटकार
Revenue Minister takes strict action on woman's complaint, reprimands Raipur tehsil officers

रायपुर। रायपुर तहसील कार्यालय का राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायत मिलने पर राजस्व मंत्री भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि “जनता की सेवा के लिए बैठे हो, कुर्सियां तोड़ने के लिए नहीं।”
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अधिकारी “सांप की तरह बैठे” रहते हैं और लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं करते। वहीं, इस सख्ती के बाद अधिकारी तत्काल महिला की शिकायत के समाधान में जुट गए।
वहीं अब अधिकारियों को फटकारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोमवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रायपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय का जायजा लिया और आम लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान महिला ने मंत्री को बताया कि वह पिछले एक महीने से अपनी रजिस्ट्री की कॉपी में सुधार कराने के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
महिला ने बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उसके घर का नाम किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। रिकॉर्ड सुधार के लिए वह लगातार पटवारी और अधिकारियों के पास जा रही है, लेकिन उसे केवल आश्वासन देकर टाल दिया जा रहा है।
महिला ने यह भी बताया कि उसके ससुर बीमार हैं और कार्यालय आने की स्थिति में नहीं हैं, इसके बावजूद उसे बार-बार दफ्तर बुलाया जा रहा है। महिला की बात सुनकर मंत्री नाराज हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
हफ्ते भर पहले रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर लगाया गया था। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से ही बिलाड़ी के पटवारी को एक घंटे के भीतर निलंबित करने के आदेश दे दिए।
ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक छोटे किसान को कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर लगवाए गए। उसकी जमीन को रिकॉर्ड में ‘निरंक’ दिखा दिया गया। शिकायत सुनते ही मंत्री ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके पहले आरंग में सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी अफसर को फटकार लगा चुके हैं।
बीएनबी हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस शिविर में मंत्री टंकराम वर्मा और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने अतिक्रमण, अपराध और लंबित मामलों पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वहीं शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, सफाई, बिजली, अतिक्रमण और राजस्व से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं थी।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने तिल्दा-नेवरा में सरकारी जमीनों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने तहसीलदार को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण चिन्हांकित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने चेतावनी दी कि समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर तहसीलदार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एसडीएम को लेकर भी कहा कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
मंत्री टंकराम वर्मा ने नेवरा थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी और अन्य वारदातों पर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही। मंत्री ने पुलिस विभाग को अपराधों पर तत्काल अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए थे।
इससे पहले आरंग के नगर पंचायत समोदा में सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सांसद बृजमोहन अग्रवाल शिकायत मिलने पर भड़क गए थे । उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि, आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ।
फटकार लगाते हुए बृजमोहन ने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायत आपकी है। कितना पैसा लेते हो, जो लोगों को बोलते हो…क्या बोलते हो लोगों से? इसकी सबसे ज्यादा शिकायत है। कितना पैसा दिए हो सांसद जी को…कितना पैसा दिए हो? यह बातकर सुनकर वहां शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण ताली बजाने लगे।



