रायपुर में हत्या के बाद माहौल गरमाया, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
The atmosphere in Raipur heated up after the murder, and villagers expressed their anger.

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलौद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। हत्या की घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ग्राम पलौद के सतनामी मोहल्ले में रहने वाले तोषक भारती का गांव के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तोषक भारती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। हत्या से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपी के घर पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी के मकान में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है। वहीं पुलिस ने हत्या के मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपियों की पहचान की जा रही
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को लेकर भी अलग से जांच की जा रही है।




