छत्तीसगढ़

नशा मुक्ति की दिशा में जशपुर की सार्थक पहल

Jashpur's meaningful initiative towards de-addiction

नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र में एक माह का निःशुल्क आवासीय उपचार
अब तक 170 हितग्राही हो चुके हैं लाभान्वित

रायपुर । जशपुर जिले में नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र लगातार प्रभावी भूमिका निभा रहा है। पिछले दो वर्षों से संचालित इस केन्द्र के माध्यम से अब तक 170 हितग्राहियों को निःशुल्क पुनर्वास सुविधा प्रदान की जा चुकी है।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र जशपुर नगर में भागलपुर रोड स्थित रणजीता स्टेडियम के पीछे तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने संचालित किया जा रहा है। यहां नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों के लिए एक माह का निःशुल्क आवासीय पुनर्वास कार्यक्रम उपलब्ध है।
केन्द्र के अधीक्षक ने बताया कि पुनर्वास अवधि के दौरान हितग्राहियों को योग, काउंसलिंग, पौष्टिक भोजन, आवासीय सुविधा एवं मनोरंजन के विभिन्न साधन उपलब्ध कराए जाते हैं। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में संचालित इन गतिविधियों से लाभार्थियों को नशे की आदत छोड़कर सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जीने में सहायता मिल रही है।
जिले के अनेक हितग्राही इस केन्द्र से लाभान्वित होकर नशे की गिरफ्त से बाहर निकल चुके हैं और सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रहे हैं। केन्द्र में उपलब्ध समग्र पुनर्वास सेवाएं न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि उसके मानसिक और सामाजिक पुनर्स्थापन में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि परिवार का कोई सदस्य नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराकर इस सुविधा का लाभ दिलाएं। अधिक जानकारी एवं प्रवेश संबंधी सहायता के लिए केन्द्र के अधीक्षक श्री नंद कुमार सिंह से मोबाइल नंबर 8103110460 पर संपर्क किया जा सकता है।
नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह केन्द्र जशपुर जिले में आशा और बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है।

Related Articles

Back to top button