मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी सहारा, शिकायत पर घर पहुंचा राशन कार्ड
Chief Minister's Helpline comes to the rescue; ration card delivered to home following complaint.

त्वरित निराकरण से जरूरतमंद परिवार को मिला खाद्य सुरक्षा का लाभ
रायपुर । मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रदेश में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले की निवासी श्रीमती सुनीता देवी को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से राशन कार्ड प्राप्त होने पर बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरपान निवासी श्रीमती सुनीता देवी लंबे समय से राशन कार्ड बनवाने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। राशन कार्ड नहीं बनने के कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ भी नहीं मिल रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सुनीता देवी का राशन कार्ड तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराया गया। राशन कार्ड मिलने से अब उनके परिवार को नियमित रूप से खाद्यान्न प्राप्त हो सकेगा और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा।
श्रीमती सुनीता देवी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सराहना करते हुए कहा कि यह आम लोगों की समस्याओं के समाधान का एक भरोसेमंद माध्यम बन गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होने से उन्हें शासन की महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिली।
प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का निरंतर समाधान किया जा रहा है, जिससे सुशासन और जनसेवा की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।




