छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रोशन हो रहे छत्तीसगढ़ के घर, बिजली बिल में हजारों रुपये की बचत

Homes in Chhattisgarh are being illuminated by the Pradhan Mantri Surya Ghar Yojana, resulting in savings of thousands of rupees on electricity bills.

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सौर ऊर्जा को मिल रहा बढ़ावा, परिवार बन रहे ऊर्जा आत्मनिर्भर

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों परिवार न केवल बिजली बिल से राहत पा रहे हैं, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी बढ़ा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामने आ रही सफलता की कहानियां इस योजना की उपयोगिता और प्रभावशीलता को दर्शा रही हैं।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम बेन्द्रिडीह निवासी श्री सतेंद्र कुमार ने योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराया है। पहले उनके घर का बिजली बिल औसतन 1500 रुपये प्रतिमाह आता था, लेकिन सौर ऊर्जा प्रणाली लगने के बाद पिछले चार महीनों से उनका बिजली बिल लगातार शून्य आ रहा है। बीते महीने उनके सोलर सिस्टम ने 478 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिसमें से 376 यूनिट बिजली ग्रिड को निर्यात की गई। इससे उन्हें आर्थिक बचत के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन का लाभ भी मिल रहा है।

इसी तरह जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी व्यवसायी श्री प्रभाष कुमार जैन ने अपने घर में 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया है। लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना में उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपये तक आता था, जबकि सोलर सिस्टम लगने के बाद बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। उनका कहना है कि आवेदन से लेकर स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही।

मुंगेली जिले के नगर पंचायत पथरिया निवासी श्री निश्चल गुप्ता भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया, जिससे उनकी अधिकांश बिजली आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से पूरी होने लगी हैं। सोलर सिस्टम शुरू होने के कुछ ही समय बाद बिजली बिल में कमी दर्ज हुई है, जिससे घरेलू बजट पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव कम हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का आधार बन रही है। यह योजना आम नागरिकों को बिजली खर्च से राहत देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दे रही है। राज्य सरकार योजना के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बैंकों के माध्यम से आसान ऋण सुविधा भी दी जा रही है। योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ परिवारों को आर्थिक सशक्तीकरण का नया माध्यम भी प्राप्त हो रहा है।

Related Articles

Back to top button