छत्तीसगढ़

जमीन-नौकरी के नाम पर 7.55 लाख हड़पे

7.55 lakhs were grabbed in the name of land and jobs.

रायपुर। कोरबा जिले के करतला निवासी भुवनदास मानिकपुरी ने रायपुर के खम्हारडीह निवासी अमितेश सतपथी पर जमीन दिलाने और बाद में सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर 7.55 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच में शिकायतकर्ता के आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सिविल लाइन पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायकर्ता ने बताया कि, अक्टूबर 2024 में दोस्त अनिल साहू के माध्यम से अमितेश सतपथी से संपर्क हुआ था। आरोपी ने जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग तारीखों में फोन-पे, एनईएफटी और बैंक ट्रांसफर के जरिए शिकायतकर्ता, उसके पिता और दोस्तों से कुल 7 लाख 55 हजार रुपए ले लिए।

काफी इंतजार के बाद भी जमीन नहीं दिलाई गई। इसके बाद आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने अब तक केवल 1500 रुपए लौटाए। बाद में 24 दिसंबर 2025 की तारीख का एक नोटरी शपथ पत्र तैयार कर 4 लाख रुपए वापस करने का दावा किया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि, शपथ पत्र पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उसने जांच अधिकारियों को जनपद पंचायत करतला की उपस्थिति पंजी भी सौंपी, जिसमें उक्त तारीख को उसके ड्यूटी पर मौजूद होने का रिकॉर्ड है।

जांच में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और रकम दिए जाने की पुष्टि

जांच के दौरान गवाह अनिल साहू ने भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और रकम दिए जाने की पुष्टि की। जांच में बैंक लेनदेन के दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले भी 1 मई 2026 को इसी मामले में शिकायत कर चुका था। उस समय आरोपी ने जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की थी और पैसा लौटाने का आश्वासन दिया था। मामलें में पुलिस ने केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।

अब पढ़िए पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा

सिविल लाइन पुलिस के आरोपी पीड़ित भुवनदास मानिकपुरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में विवेचना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button