देशभक्ति के बिखरेंगे रंग, भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव
The colors of patriotism will be spread, Deputy Chief Minister Arun Sao will participate in the grand Tiranga Yatra.

रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव 11 अगस्त को कांकेर जिला मुख्यालय में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसका आयोजन किया जा रहा है। यह तिरंगा यात्रा सवेरे 8 बजे शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से प्रारंभ होकर न्यू बस स्टैंड स्थित मिनी स्टेडियम में समाप्त होगी। कई विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, ईको-क्लब, पीटीआई शिक्षक, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक इसमें शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री भोजराज नाग करेंगे। विधायक श्री आशाराम नेताम, श्रीमती सावित्री मंडावी और श्री विक्रम उसेंडी सहित विशिष्ट अतिथि के रूप में इसमें शामिल होंगे। अनेक जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी इसमें मौजूद रहेंगे।
*तिरंगे के साथ दिया जाएगा एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश*
तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी। तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासित रूप से मार्च करेंगे। देशभक्ति गीतों, नारों और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण के बीच यात्रा आगे बढ़ेगी। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
कांकेर जिला प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ आज तिरंगा यात्रा के लिए नरहरदेव विद्यालय प्रांगण और मिनी स्टेडियम में किए जा रहे तैयारियों का जायजा लिया।




