खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली तिरंगा यात्रा
Spirit of patriotism resonates at the Khelo India State Centre of Excellence; Tiranga Yatra taken out.

‘हर घर तिरंगा’ अभियान : खिलाड़ियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रायपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में सेंटर के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले खिलाड़ियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना था। आयोजन के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।




