छत्तीसगढ़

जल-पर्यावरण संरक्षण और आजीविका का सशक्त माध्यम : मंत्री टंक राम वर्मा

A Powerful Medium for Water-Environment Conservation and Livelihood: Minister Tank Ram Verma

राजस्व मंत्री ने छुहीपाली में किया सीड बॉल का बीजारोपण

जल और मृदा संरक्षण के साथ ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार

​रायपुर। सीड बॉल अभियान एक पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण की तकनीक है। इसमें मिट्टी, खाद और बीजों को मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां (सीड बॉल) बनाई जाती हैं। इन्हें सूखने के बाद खाली और दुर्गम जमीनों या पहाड़ियों पर फेंक दिया जाता है। बारिश का पानी मिलने पर मिट्टी गल जाती है और बीज स्वतः अंकुरित होकर पौधा बन जाते हैं l

जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘सीड बॉल अभियान’ को उस वक्त और बल मिला, जब राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने स्वयं धरातल पर उतरकर इसमें सहभागिता निभाई। उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ जिले के सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम छुहीपाली स्थित पठारी क्षेत्र में 5 हजार सीड बॉल का वृहद बीजारोपण किया तथा नवनिर्मित डबरी की मेड़ पर 30 पौधों का रोपण किया।

​पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ‘वीबीजीरामजी’ योजना और ‘बिहान’ समूह की महिलाओं के विशेष उत्साह के बीच आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

मृदा और जल संरक्षण एवं रोजगार की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम

​        मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पर्यावरण को सहेजना और भू-जल स्तर को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छुहीपाली के इस पहाड़ी क्षेत्र में सीड बॉल बीजारोपण और स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण न केवल मृदा और जल संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, बल्कि इससे बारिश के मौसम में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। हमारी सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने और पर्यावरण संवर्धन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

​धरातलीय व्यवस्थाओं का लिया जायजा, महतारी वंदन योजना पर की चर्चा

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने स्थानीय महिलाओं से संवाद कर ‘महतारी वंदन योजना’ की राशि के नियमित भुगतान की जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने खुशी जताते हुए सहमति व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों से उनके नाम, शिक्षा और क्षेत्र में उपलब्ध स्कूली सुविधाओं के संबंध में भी आत्मीय बातचीत की।

​जल एवं मृदा संरक्षण के लिए ट्रेंच और तालाब निर्माण

ग्राम पंचायत छुहीपाली के दो हेक्टेयर पहाड़ी ढलान क्षेत्र में 5.60 लाख रुपये की लागत से स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक निर्मित 2,400 ट्रेंचों के माध्यम से पहाड़ से बहने वाले जल की गति को रोककर भूमिगत जलस्तर को बढ़ाया जाएगा और मिट्टी के कटाव को रोका जाएगा। इसके अतिरिक्त, पहाड़ी जल को सहेजने के लिए एक नए तालाब का निर्माण भी पूर्ण किया गया है, जो क्षेत्र में जल संकट को दूर करने में सहायक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष,पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर,कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक सहित बिहान की महिला सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button