छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की प्राइवेट यूनिवर्सिटी के लिए नया पोर्टल लॉन्च

New portal launched for private universities in Chhattisgarh.

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्राइवेट विश्वविद्यालयों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बड़ा स्टेप लिया है। अब सभी प्राइवेट यूनिवर्सिटी की डिग्री, सर्टिफिकेट और मार्कशीट का पूरा रिकॉर्ड एक नए वेब पोर्टल पर रखा जाएगा। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के इस नए पोर्टल को लॉन्च किया। इस दौरान आयोग के अध्यक्ष वीके गोयल और दूसरे मेंबर्स भी मौजूद रहे।

एक ही पोर्टल पर मिलेगी सारी डिटेल

आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर गोयल ने बताया कि इस नए पोर्टल पर प्रदेश की प्राइवेट यूनिवर्सिटी से जुड़ी हर लेटेस्ट अपडेट एक ही जगह मिलेगी। इसमें कोर्स डिटेल, एकेडमिक कैलेंडर, स्टूडेंट्स की जानकारी, मार्कशीट, डिग्री और पिछले सालों के रिजल्ट अपलोड किए जाएंगे।

इतना ही नहीं, यूनिवर्सिटी कितनी फीस ले रही है, वहां कौन-कौन से ऑफिसर काम कर रहे हैं, अलग-अलग कमेटी और उनके मेंबर्स की लिस्ट भी पोर्टल पर दिखेगी। इसके अलावा NEP-2020, NAAC रेटिंग, दूसरे यूनिवर्सिटी के साथ MOU, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप, जॉब ओरिएंटेड प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी की पूरी जानकारी भी मिलेगी। टीचर्स के कितने पद खाली हैं, ये भी पोर्टल पर बताया जाएगा। इससे यूनिवर्सिटी की सारी एक्टिविटीज में पारदर्शिता आएगी और निगरानी करना आसान होगा।

बैकडेट डिग्री के फर्जीवाड़े पर लगेगा ब्रेक

बताया जा रहा है कि कुछ यूनिवर्सिटी पर बैकडेट में डिग्री बांटने और फर्जीवाड़े के आरोप लगे थे। इसी शिकायत के बाद ये सिस्टम लाया गया है। इस वेब पोर्टल पर रियल टाइम डाटा सिस्टम लागू होगा। अब हर प्राइवेट यूनिवर्सिटी का पूरा डाटाबेस निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के पास रहेगा, जिससे हर डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट का हिसाब रहेगा।

यूनिवर्सिटी को रियल टाइम डाटा देना होगा। अगर यूनिवर्सिटी नियम फॉलो करती है तो फीस जमा करते ही स्टूडेंट का एडमिशन रिकॉर्ड ऑनलाइन हो जाएगा। यूनिवर्सिटी में किस सब्जेक्ट को पढ़ाने की मान्यता कब से मिली है, ये भी वेबसाइट पर अपडेट करना होगा। इससे साफ हो जाएगा कि किस यूनिवर्सिटी में कौन सा कोर्स मान्यता प्राप्त है और कौन सा नहीं। रियल टाइम डाटा से एजुकेशन की क्वालिटी भी सुधरेगी। अगर कोई स्टूडेंट फर्जी डिग्री या सर्टिफिकेट बनवाने की कोशिश करता है तो ऑनलाइन डाटाबेस से उसके एडमिशन और एग्जाम का स्टेटस तुरंत पता चल जाएगा।

प्रदेश में 20 प्राइवेट यूनिवर्सिटी कर रही हैं संचालित

प्रदेश में संचालित 20 प्राइवेट यूनिवर्सिटी की लिस्ट:

1. डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी, कोटा

2. मैट्स यूनिवर्सिटी, आरंग, रायपुर

3. कलिंगा यूनिवर्सिटी, कोटनी, नवा रायपुर

4. आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, रायपुर

5. आईटीएम यूनिवर्सिटी, उपरवारा, नवा रायपुर

6. एमिटी यूनिवर्सिटी, माठ, रायपुर

7. ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी, रायगढ़

8. आईएसबीएम यूनिवर्सिटी, छुरा, गरियाबंद

9. एएएफटी यूनिवर्सिटी ऑफ मीडिया एंड आर्ट्स, रायपुर

10. श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी, माना, रायपुर

11. महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, बिलासपुर

12. केके मोदी यूनिवर्सिटी, महमरा, दुर्ग

13. देव संस्कृति यूनिवर्सिटी, सांकरा, दुर्ग

14. श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जुनवानी, भिलाई, दुर्ग

15. भारती यूनिवर्सिटी, चंदखुरी, दुर्ग

16. आंजनेय यूनिवर्सिटी, नरदहा, रायपुर

17. श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी, अभनपुर, रायपुर

18. रुंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भिलाई, दुर्ग

19. जगरानी देवी यूनिवर्सिटी, बाराद्वार, सक्ती

20. कोलंबिया यूनिवर्सिटी, रायपुर

Related Articles

Back to top button