छत्तीसगढ़

रायपुर से रेल सफर मुश्किल, कई ट्रेनों में रिग्रेट

Rail travel from Raipur is difficult, regret in many trains

रायपुर। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा मनाने के लिए राजधानी रायपुर से बंगाल जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। 15 से 22 अक्टूबर के बीच हावड़ा और शालीमार रूट पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनें यात्रा से एक महीने पहले ही पूरी तरह से पैक हो चुकी हैं। कन्फर्म बर्थ के लिए यात्रियों को भारी संघर्ष करना पड़ रहा है और लगभग हर ट्रेन में वेटिंग लिस्ट काफी लंबी हो गई है।

पश्चिम बंगाल में इस वर्ष दुर्गा पूजा की शुरुआत 16 अक्टूबर को महा पंचमी से होगी और 21 अक्टूबर को विजया दशमी पर इसका समापन होगा। इस पावन पर्व में शामिल होने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग रायपुर से पश्चिम बंगाल जाते हैं। इसी कारण इस बार भी त्योहार से एक महीना पहले ही ट्रेनों में जगह नहीं बची है।

हावड़ा दुरंतो और शालीमार एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग

रायपुर से कोलकाता रूट की सबसे प्रमुख ट्रेन हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी। 16 अक्टूबर को इसमें थ्री एसी में 26 वेटिंग है, जबकि एसी-2 और एसी-1 में रिग्रेट की स्थिति है। 18 अक्टूबर को थ्री एसी में 8 और एसी-2 में 4 वेटिंग है, जबकि 21 अक्टूबर को थ्री एसी में 36 और एसी-2 में 7 सीटें उपलब्ध हैं।

शालीमार एसएफ एक्सप्रेस (12905) में 15 और 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 सभी श्रेणियों में सीटें खत्म हो चुकी हैं या भारी वेटिंग चल रही है।

आजाद हिंद और एलटीटी शालीमार में भी मारामारी

आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) जो रायपुर से बंगाल जाने वालों की सबसे पसंदीदा ट्रेन है, उसमें 15, 16 और 17 अक्टूबर को स्लीपर और एसी कोचों में भारी भीड़ है। अधिकांश श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है। 21 और 22 अक्टूबर को भी इसमें लंबी वेटिंग लिस्ट है।

एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस (18029) में 15 अक्टूबर को स्लीपर में 47 वेटिंग और एसी-3 में 29 वेटिंग दर्ज की गई है। 16 और 17 अक्टूबर को भी लगभग सभी कोचों में लंबी वेटिंग है। हालांकि 21 अक्टूबर को स्लीपर में 16 सीटें, एसी-3 और एसी-2 में भी सीटें उपलब्ध दिखाई दे रही हैं।

गीतांजलि, हावड़ा मेल और कर्मभूमि में भी नो रूम

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12101) में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 49 वेटिंग और एसी-3 में 41 वेटिंग चल रही है, जबकि एसी-2 में बुकिंग बंद है। गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) और हावड़ा मेल (12809) में 15 से 22 अक्टूबर के बीच अधिकांश श्रेणियों में रिग्रेट या लंबी वेटिंग की स्थिति है।

कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511) में 21 अक्टूबर को स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 तीनों श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है, स्लीपर में टिकट कन्फर्म होने की 91 प्रतिशत संभावना बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button