‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया नवा रायपुर, एक लाख दीपों ने दिया सेवा और सहभागिता का संदेश
Nava Raipur illuminated by the ‘Lamp of Blessings’; one lakh lamps conveyed a message of service and participation.

13 प्रमुख स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हुए दीप, संस्थानों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता
सेवा, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के सामूहिक संकल्प से रोशन हुआ नवा रायपुर
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में नवा रायपुर अटल नगर लगभग एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। शहर के 13 प्रमुख स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित दीपों ने सेवा, सद्भाव, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। विभिन्न संस्थानों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों की सहभागिता ने इस आयोजन को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा विभिन्न संस्थानों एवं हितधारकों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक, श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल, बालको मेडिकल सेंटर, आईआईएम, एचएनएलयू, आईआईआईटी, आदिवासी संग्रहालय, एनटीपीसी चौक, सेंध जलाशय, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सरोज सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, एकात्म पथ और राजीव चौक सहित 13 प्रमुख स्थान दीपों से रोशन हुए।
श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ल, आवास एवं पर्यावरण सचिव एवं नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अंकित आनंद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित अस्पताल एवं प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
बालको मेडिकल सेंटर, सरोज सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल सहित विभिन्न संस्थानों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विद्यार्थियों, चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कहीं संस्थानों के नाम तो कहीं सेवा और संकल्प से जुड़े संदेश दीपों के माध्यम से उकेरे गए। नवा रायपुर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ जगमगाते दीपों ने शहर की संस्थागत एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक संकल्प की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सेवा केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से जनकल्याण का व्यापक संकल्प बनती है। एक साथ प्रज्ज्वलित एक लाख दीपों ने नवा रायपुर को सेवा, संवेदनशीलता, सकारात्मकता और बेहतर भविष्य के संकल्प से रोशन किया।




