छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान में 25 सितंबर से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

'Angan Milan' service program to be held from September 25 as part of the 'Seva Sankalp Abhiyan'.

प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं से संवाद, पोषण जागरूकता और जनभागीदारी पर रहेगा जोर

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बच्चों, महिलाओं और समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी से जोड़ना तथा जनभागीदारी को मजबूत करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक दिवसीय आयोजन होगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में हितग्राही माताओं, स्वसहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों, मितानिनों तथा समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के योगदान को सम्मानित भी किया जाएगा।

मेरी पौष्टिक थाली’ से लेकर ‘पोषण शक्ति सम्मान’ तक होंगे आयोजन
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में समुदाय के समक्ष ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं और बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजनों की विधि का प्रदर्शन, स्वास्थ्य एवं पोषण आधारित चित्रकला तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, माताओं एवं सुपोषित बच्चों का सम्मान और बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता से ‘न्योता भोज’ भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पोषण वाटिका के लिए पौधरोपण करते हुए ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। समुदाय से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौने एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने की अपील भी की जाएगी।

महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती माताओं, महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण कराया जाएगा। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और व्यंजन प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राही अपने अनुभव साझा करेंगे तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जाएगा। महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इससे योजना के लाभ को पोषण और परिवार के स्वास्थ्य से जोड़ने के साथ अन्य परिवारों को भी प्रेरित किया जाएगा।

जिलेवार तिथियों में होंगे आयोजन
25 सितंबर को रायपुर शहरी क्षेत्र, बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर; 26 सितंबर को रायपुर ग्रामीण, कोरबा, कवर्धा और सूरजपुर; 28 सितंबर को महासमुंद, दंतेवाड़ा, राजनांदगांव और गरियाबंद; 29 सितंबर को धमतरी, दुर्ग, बलौदाबाजार और मुंगेली; 30 सितंबर को भिलाई क्षेत्र, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बीजापुर और जांजगीर; 1 अक्टूबर को बेमेतरा, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सुकमा; 2 अक्टूबर को जशपुर, कोंडागांव और मानपुर-मोहला; 3 अक्टूबर को बालोद, नारायणपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही; 5 अक्टूबर को सक्ती, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा 6 अक्टूबर को बलरामपुर, बिलासपुर ग्रामीण और कोरिया जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विभाग द्वारा सभी गतिविधियों का फोटो-वीडियो सहित दस्तावेजीकरण, हितग्राहियों की अनुभव आधारित वीडियो क्लिप तथा प्रतिदिन की प्रगति राज्य स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जनसंपर्क एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी इन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button