छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान 2026 : सेवा मेरा योगदान : योग-ध्यान से स्वस्थ जशपुर का संकल्प, अब ‘फिट इंडिया-फिट जशपुर’ के तहत होगा वॉकाथॉन

'Seva Sankalp Abhiyan 2026' (Service Pledge Campaign 2026): 'Service is My Contribution' – A pledge for a healthy Jashpur through yoga and meditation; a walkathon will now be held under the 'Fit India-Fit Jashpur' initiative.

विधायकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नशामुक्ति की ली शपथ
रक्तदान, पौधरोपण से लेकर विद्यादान तक सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत जशपुर में स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए बालाजी मंदिर के समीप नवीन सामुदायिक भवन में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। योगाचार्यों के मार्गदर्शन में विधायकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास एवं ध्यान किया। इस अवसर पर नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती गोमती साय एवं श्रीमती रायमुनी भगत, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
योगाचार्य श्री कृपाशंकर यादव एवं अन्य योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ध्यान के साथ पद्मासन, सर्वांगासन, मंडूकासन, वज्रासन, भुजंगासन और दंडासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने आसनों के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

’स्वस्थ जीवन के लिए योग के साथ स्वच्छ वातावरण भी जरूरी: विधायक श्रीमती रायमुनी भगत’
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ हमें समाज और देश के लिए अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। सेवा केवल किसी व्यक्ति की सहायता तक सीमित नहीं है, स्वच्छता भी सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ रहने के लिए जिस प्रकार योग और ध्यान आवश्यक हैं, उसी तरह स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक एवं निजी स्थानों को अपना समझकर स्वच्छ रखने और सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि जशपुर प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ों, जलस्रोतों और पर्यटन स्थलों से समृद्ध है। इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से परिवार सहित फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
’नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया सामूहिक संकल्प’
कार्यक्रम में ‘विकसित भारत का मंत्र, भारत को नशे से स्वतंत्र’ संदेश के साथ विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने नशामुक्ति अभियान के सेल्फी स्टैंड के साथ तस्वीरें लेकर नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button