छत्तीसगढ़

28 सितंबर को रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी

Ganesh Visarjan tableau in Raipur on September 28.

रायपुर। रायपुर में 28 सितंबर की रात गणेश विसर्जन झांकी निकलेगी। झांकी के रूट में आने वाले जर्जर भवनों को लेकर निगम प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस किया है। सदर बाजार और सत्ती बाजार इलाके में कई पुराने और जर्जर भवन झांकी के मार्ग में आ रहे हैं। इन भवनों के आसपास भीड़ जुटने से हादसे की आशंका को देखते हुए निगम प्रशासन ने भवन मालिकों से सहयोग मांगा है।

निगम प्रशासन की टीम ने शनिवार को सदर बाजार और सत्ती बाजार पहुंचकर गणेश विसर्जन झांकी के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान रूट में आने वाले जर्जर भवनों की स्थिति देखी गई और संबंधित भवन मालिकों से चर्चा की गई।

वहीं, झांकी सोमवार शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।

3 दिन जर्जर भवन बंद रखने की अपील

निगम प्रशासन ने भवन मालिकों से अपील की है कि झांकी के एक दिन पहले, झांकी वाले दिन और एक दिन बाद यानी कुल 3 दिन जर्जर भवनों को बंद रखें और इस दौरान किसी अन्य स्थान पर रहें। निगम प्रशासन के मुताबिक, इससे झांकी के दौरान जर्जर भवनों के कारण होने वाली संभावित दुर्घटना और जनहानि को रोका जा सकेगा।

भवन मालिकों से शहर हित में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में जर्जर भवनों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

भवन मालिक के बाहर जाते ही लगेगी बैरिकेडिंग

निगम प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित भवन मालिक के तीन दिनों के लिए भवन छोड़कर अन्यत्र जाने के बाद जर्जर भवन के सामने बैरिकेडिंग कराई जाए। इसका उद्देश्य झांकी देखने आने वाले लोगों को इन भवनों के सामने खड़े होने से रोकना है।

सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जर्जर भवनों के नीचे लोगों की भीड़ न जुटे, इसके लिए बैरिकेडिंग के साथ पुलिस की निगरानी भी रहेगी।

इन रास्तों से कर सकेंगे आवाजाही

टाटीबंध की ओर से: टाटीबंध से महोबा बाजार–चौबे कॉलोनी–समता कॉलोनी –तेलघानी नाका–रेलवे स्टेशन चौक–फाफाडीह चौंक–शास्त्री चौक की ओर आवागमन किया जा सकेगा, या वैकल्पिक रूप से टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-01–पचपेड़ी नाका मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन चौक–तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर या फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक- कालीबाड़ी -पचपेड़ी नाका की ओर आवागमन किया जा सकेगा।

तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक–फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन–या कालीबाड़ी होकर आवागमन किया जा सकेगा।

पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक -टिकरापारा चौक- कालीबाड़ी चौक- महिला थाना शास्त्री चौक – फाफाडीह चौक -रेलवे स्टेशन तक आवागमन कर सकेंगे।

आम पब्लिक के लिए प्रतिबंधित मार्ग

शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार–कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

श्रद्धालुओं के लिए यहां रहेगी पार्किंग

पंडरी की ओर से: मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में पार्किंग।
सिविल लाइन की ओर से: शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग।
टिकरापारा/कालीबाड़ी की ओर से: सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान।
गुढ़ियारी/समता कॉलोनी की ओर से: भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग।
सुंदरनगर/रायपुरा की ओर से: लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान।

Related Articles

Back to top button