गांधी जयंती पर प्रदेश स्तरीय खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास प्रदर्शनी का होगा आयोजन
A state-level Khadi conference and village industry development exhibition will be organized on Gandhi Jayanti.

ग्रामोद्योग मंत्री श्री गजेन्द्र यादव करेंगे अध्यक्षता में होगा शुभारंभ
खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों और गतिविधियों की प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र
रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, रायपुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामोद्योग एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक तथा खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 02 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी। इसी अवसर पर “सेल्फी विद खादी” अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य खादी को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन और ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के अवलोकन से होगी। इसके बाद चरखा प्रदर्शन, सोलर चरखा एवं लूम वितरण, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम्, राजनीतिक गीत और सर्वधर्म प्रार्थना के पश्चात मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों, गतिविधियों और ग्रामीण उद्यमिता की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी उत्पादन केंद्र कूंवरगढ़, जिला रायपुर में नवनिर्मित भवन तथा अंबिकापुर में नवनिर्मित प्रीमियम सेल्स आउटलेट का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा। हाथकरघा प्रभा द्वारा बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नवीन बुनाई प्रशिक्षण केंद्रों का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं रेशम प्रभा द्वारा “अमारी सिल्क” ब्रांड और बस्तर संभाग में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री राजेश मुणत, श्री सुनील सोनी श्री मोती लाल साहू, श्री अनुज शर्मा, श्री पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, अध्यक्ष खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड श्री राकेश पाण्डेय सहित अन्य बोर्ड के अध्यक्ष अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने के साथ ही इससे जुड़े कारीगरों, उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों को व्यापक मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी के माध्यम से खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र की गतिविधियों, उत्पादों और संभावनाओं को आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, रायपुर द्वारा किया जा रहा है, जबकि ग्रामोद्योग विभाग इसका प्रायोजक है।




